दुबई. ऑस्ट्रेलिया ने यहां के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रविवार रात खेले गए 5 मैच की सीरीज के आखिरी वनडे में पाकिस्तान को 20 रन से हरा दिया। उसने 5-0 से सीरीज अपने नाम की। इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की वनडे और टी-20 टीम के कप्तान एरॉन फिंच ने 112.75 के औसत से 451 रन बनाए। वे पांच वनडे की द्विपक्षीय सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बने।
फिंच ने वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ा
फिंच ने डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ा। वॉर्नर ने 2016 में दक्षिण अफ्रीका में उसके खिलाफ पांच वनडे की सीरीज में 386 रन बनाए थे। हालांकि, तब उनकी टीम ऑस्ट्रेलिया सीरीज का एक भी मैच नहीं जीत पाई थी और दक्षिण अफ्रीका ने 5-0 से सीरीज अपने नाम की थी।
28 रन के अंतर से जॉर्ज बेली का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके
फिंच ने पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी वनडे में 69 गेंद पर 53 रन बनाए। यदि वे इस मैच में 28 रन और बना लेते तो वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाते। अभी यह रिकॉर्ड जॉर्ज बेली के नाम है। बेली ने 2013 में भारत के खिलाफ 6 वनडे की सीरीज में 478 रन बनाए थे। हालांकि, उस सीरीज का एक मैच बारिश के कारण नहीं हुआ था।
ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को दिया था 328 रन का लक्ष्य
पांचवें वनडे में पाकिस्तान ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने उस्मान ख्वाजा के 98, फिंच के 53, शॉन मार्श के 61 और ग्लेन मैक्सवेल के 70 रन के दम पर 50 ओवर में 7 विकेट पर 327 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से उस्मान शिनवारी ने 49 रन देकर 4 और जुनैद खान ने 73 रन देकर 3 विकेट लिए।
पाकिस्तान के सोहेल का शतक बेकार
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम हैरिस सोहेल के शतक के बावजूद 50 ओवर में 7 विकेट पर 307 रन ही बना पाई। सोहेल ने 129 गेंद पर 130 रन बनाए। उनके अलावा शान मसूद और इमाद वसीम ने 50-50 रन और उमर अकमल ने 43 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जेसन बेहरेनडॉर्फ ने 3, जबकि केन रिचर्ड्सन, नॉथन लियोन, मैक्सवेल और एडम जम्पा ने 1-1 विकेट लिए।
हैदराबाद. इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण के 11वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों मिली 118 रन से करारी हार के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली ने टीम के लिए इसे एक बड़ी शर्मनाक हार बताया है।
यह रनों के लिहाज से बेंगलुरु की दूसरी सबसे बड़ी हार
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम पर जॉनी बेयरस्टो (114) और डेविड वॉर्नर (नाबाद 100) के शतकों और मोहम्मद नबी (11/4) और संदीप शर्मा (19/3) की गेंदबाजी के दम पर हैदराबाद ने रविवार को बेंगलुरु को शिकस्त दी। रनों के लिहाज से बेंगलुरु की यह दूसरी सबसे बड़ी हार है।
मैच के बाद कोहली ने कहा, ‘हमारे लिए यह सबसे शर्मनाक हारों में से एक थी। इस हार को पचाना बहुत मुश्किल है। हमारे लिए पहली गेंद से लेकर आखिरी विकेट गिरने तक कुछ भी अच्छा नहीं गुजरा।’
हैदराबाद ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 231 रन का स्कोर बनाया। बेंगलुरु की टीम 19.5 ओवर में 113 रन ही बना पाई। उसकी ओर से कॉलिन डी ग्रांडहोम ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए। उसके 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छूने में नाकाम रहे।
उन्होंने कहा, ‘हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन से हमें सभी विभागों में मात दी। उन्होंने (हैदराबाद) दिखाया कि वे एक चैम्पियन टीम हैं। वे पिछली बार फाइनल में पहुंचे थे। उन्होंने 2016 में हमें हराया था। इसका पूरा श्रेय वॉर्नर और बेयरस्टो की जोड़ी को जाता है।’
कोहली ने कहा, ‘मैच के दौरान हमने कुछ प्रयोग किए। मुझे लगा कि एबी डिविलियर्स के साथ नंबर पर तीन पर बल्लेबाजी करके विपक्षी टीम को दबाव में लाया जा सकता है। हमारे पास अब भी 11 मैच बाकी हैं। मुझे उम्मीद है कि हम आगे जीत की लय हासिल करेंगे।’
No comments:
Post a Comment